बांदा। पत्नी के मायके से न लौटने पर युवक ने बृहस्पतिवार रात बंद कमरे में तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने के आवाज सुनकर दूसरे मकान में सो रहे परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। यहां युवक को खून से लथपथ देखकर सन्न रह गए। लोगों ने बताया कि खुदकुशी करने से पहले युवक ने कई रिश्तेदारों और दोस्तों को भी फोन किया था। साथ ही फेसबुक पर वीडियो भी अपलोड किया था।
गिरंवा थाना क्षेत्र के रीगा गांव निवासी हबीब (28) पुत्र सुबराती की पत्नी रुबीना डेढ़ माह से अपने मायके शहर के खुटला मोहल्ला में रह रहीं थीं। परिजनों के मुताबकि, इस बीच रुबीना ने पति को कभी फोन भी नहीं किया। पत्नी के मायके से न आने पर हबीब परशेान रहता था। बृहस्पतिवार रात वह दूसरे घर में मौजूद पिता के पास पहुंचा। यहां पिता ने उससे खाना खाने के लिए कहा।
कुछ देर रुकने के बाद हबीब बिना खाना खाए ही सूने घर के कमरे में चला गया। यहां खुदकुशी करने के पहले दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन किया। इसके बाद फेसबुक पर अपनी पीड़ा बताकर वीडियो अपलोड किया। फिर माथे पर तमंचा सटाकर खुद को गोली मार ली।
पिता सुबराती के मुताबिक, रुबीना के मायके जाने के बाद बेटा हबीब परेशान रहता था। अक्सर झगड़ा करने की बात करता था, लेकिन वह उसे समझा देते थे। उनका एक बेटा इस्लाम मुंबई, दूसरा बेटा रफीक रायपुर और तीसरा बेटा शरीफ सऊदी में नौकरी करते हैं। हबीब घर में किराने की दुकान चलाता था। मृतक के परिवार में दो बेटी रुजीना और रिकत हैं।
मैं लौटकर आऊंगा...पत्नी, साले और सास ने मरने पर किया मजबूर
मैं लौटकर आऊंगा, ये जो हथियार मेरे पास है भाइयों और मां-बाप को नहीं पता। मैंने दोस्तों से लिया था। पत्नी, साले और सास ने मुझे मरने को मजबूर किया। लेकिन मैं लौटकर जरूर आऊंगा। मेरे मां-बाप, भाइयों को परेशान न किया जाए। मेरे मां-बाप, भाई मुझे बहुत प्यार करते हैं, लेकिन मैं मजबूर हूं। मेरे मां-बाप को संभालना भाइयों। मैंने सच्ची मोहब्बत की थी, छोड़ भी सकता हूं। मैं पत्नी की वजह से नहीं अपनी बदकिस्मती की वजह से मर रहा हूं...।
मर्दों के बारे में सोचे सरकार...
हबीब ने फेसबुक पर अपलोड किए गए वीडियो में सरकार से अपील करते हुए कहा, मर्दों के बारे में भी सोचे। झूठी औरतों की वजह से परेशानियां हो रही हैं।