बांदा। रेलवे में बेटिकट यात्रियों के धरपकड़ के एक बड़े अभियान में 1044 यात्रियों को बिना टिकट हिरासत में ले लिया गया। उनसे पांच लाख रुपये जुर्माना और किराया वसूला गया। प्रभारी मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) मोहम्मद तारिक की अगुवाई में बांदा-कानपुर, झांसी और मानिकपुर रूट सेक्शन पर चेकिंग दल ने छापे मारे।
सुपरफास्ट एक्सप्रेस और साधारण ट्रेनों में चेकिंग के दौरान 90 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया। उनसे 56,750 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा अनियमित रूप से यात्रा करने वाले जैसे पैसेंजर के टिकट पर एक्सप्रेस में यात्रा अथवा महिला कोच में पुरुष के बैठने आदि पर 934 यात्री पकड़े गए।
इनसे 4,48,820 रुपये वसूले गए। फ्लेटफार्म में चेकिंग के दौरान नौ लोगों को गंदगी फैलाने के आरोप में पकड़ा गया। उनसे 1800 रुपये जुर्माना वसूला गया। प्लेटफार्म में बीड़ी-सिगरेट पीते रंगे हाथ धरे गए 11 यात्रियों से 1100 रुपये वसूले गए। चेकिंग दल में बांदा, महोबा और चित्रकूट के टिकट निरीक्षक तथा आरपीएफ व जीआरपी स्टाफ शामिल रहा।