बांदा के स्टेशन रोड में रोज नजर आता है जाम का ऐसा दृश्य।
- फोटो : BANDA
बांदा। मंडल मुख्यालय बांदा शहर में अस्त-व्यस्त हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा गुरुवार को फिर शहर की सड़कों पर निकल पड़े।
महेश्वरी देवी मंदिर के पास अवैध रूप से खड़े चार पहिया वाहनों से लग रहे जाम पर बलखंडी नाका चौकी प्रभारी को कड़ी चेतावनी दी। उधर, कालूकुआं चौकी के पास भी यातायात की अव्यवस्थाएं देखकर आईजी ने चौकी प्रभारी को चेतावनी जारी की।
दोनों चौकी प्रभारियों सहित अन्य सभी चौकियों के इंचार्जों और कोतवाली पुलिस तथा यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि दुकानों के आगे अतिक्रमण कराने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। अलीगंज चौकी और रेलवे स्टेशन रोड का भी पैदल भ्रमण कर जायजा लिया।
हाथ ठेलों को सड़क से दूर लगाने के निर्देश दिए। दुकानदारों को खबरदार किया कि दुकान के सामने दुपहिया या चार पहिया वाहन खड़े कराने से जाम लगा तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। आईजी ने यातायात पुलिस प्रभारी को बेहतर कार्य करने पर प्रशस्तिपत्र दिया।
गौरतलब है कि आईजी पिछले माह से कई बार शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने को निकले हैं और कड़े निर्देश दिए, लेकिन जाम के हालात जस के तस हैं। गुरुवार को निरीक्षण के दिन भी स्टेशन रोड, छावनी रोड, पुराना ओवरब्रिज आदि में यातायात व्यवस्था चरमराई रही।