बांदा। बुंदेलखंड के गांवों में भुखमरी से जूझ रहे
किसानों द्वारा खाई जा रही घास की रोटी कुछ अफसरों द्वारा विटामिन से भरपूर
बताने पर गुलाबी गैंग भड़क उठा है।
मंडल मुख्यालय में प्रदर्शन के
बाद ज्ञापन दिया और ऐसे अफसरों को चेतावनी दी कि माफी मांगें और गरीब
किसानों को खाने की व्यवस्था करें।
शनिवार को यहां आदिवासी महिला
उत्थान संस्थान ग्रामोद्योग सेवा संस्थान द्वारा संचालित गुलाबी गैंग ने
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
अगुवाई कर रहीं गैंग कमांडर संपत
पाल ने ज्ञापन में कहा कि बुंदेलखंड में तमाम किसान और ग्रामीण घास की
रोटियां खाकर भूख मिटा रहे हैं।
उनकी मदद के बजाए प्रशासन के कुछ
अफसर बेशर्मी से कह रहे हैं कि घास से विटामिन मिलता है। संपत पाल ने कहा
कि अफसर घास की रोटी खुद खाकर देखें तो एहसास होगा कि कितना विटामिन मिल
रहा है।
उन्होंने गरीबों का मजाक उड़ाने वाले ऐसे अफसरों को सबक
सिखाने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि अफसर गरीबों से माफी मांगें और उनके
खाने की व्यवस्था करें।
गांवों में चौपाल लगाकर कोटेदारों से
गरीबों को राशन दिलाएं। प्रदर्शन में जयकरन भाई और गुलाबी गैंग की फतेहपुर
संयोजक गंगा विष्णु, बांदा जिला कमांडर नीलम, हमीरपुर कमांडर प्रकाश रानी,
चित्रकूट कमांडर सायरा बानो और महोबा कमांडर फरीदा बेगम सहित कई महिलाएं
शामिल रहीं।