बांदा /बबेरू। शुरुआती सर्दी में कंपकंपी देकर आ रहे बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर से लेकर पीएचसी, सीएचसी में हुए आरोग्य मेले में इस तरह के मरीज आ रहे हैं। रविवार को ट्रॉमा सेंटर में बुखार के चलते 12 मरीज भर्ती हुए। इनमें से छह को कंपकंपी देकर बुखार आ रहा था। इसी तरह से आरोग्य मेले में 260 मरीज देखे गए। इनमें ज्यादातर मरीज बुखार, जुकाम व पेट दर्द के रहे। डॉक्टर शुरुआती सर्दी से बचने की सलाह दे रहे हैं। सर्दी लगने में गुनगुने पानी का सेवन की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में बुखार से चलते पुलिस लाइन निवासी शिवम (1), जवाहर नगर निवासी राज (28), जसपुरा के तरौड़ा गांव निवासी शालिनी (27), अमलोरा गांव निवासी रामपाल (75), पचनेही गांव निवासी सुरेश (40), मानपुर गांव निवासी चुन्नू (65), चहितारा गांव निवासी लक्ष्मी (20), कोतवाली रोड निवासी माया (40), मवई बुजुर्ग गांव निवासी सीमा सिंह (32), इंदिरा नगर निवासी उर्मिमा (62), छोटी बाजार निवासी गुलाबचंद्र (54) को बुखार के चलते भर्ती कराया गया।
इनमें राज, शालिनी, रामपाल, सुरेश, चुन्नू व लक्ष्मी को कंपकंपी देकर बुखार आने की बात कही। उधर, नगरीय समेत पीएचसी पखरौली, सिमौनी, अहार, रयान, शिव, भभुवा व मझीवा पीएचसी में आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पखरौली पीएचसी में 32 मरीज आए। इनमें ज्यादातर बुखार, जुकाम और पेट दर्द के मरीज थे। डॉ. कमलेश ने मरीजों को इलाज किया। चिकित्सा अधीक्षक, बबेरू डॉ. ऋषिकेश ने बताया कि पखरौली के अलावा सिमौनी, अहार, रयान, शिव, भभुवा, मझींवा आदि पीएचसी में अरोग्य मेले का आयोजन किया गया। यहां 260 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 200 मरीज सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित होकर पहुंचे थे।
बोले डॉक्टर
कंपकंपी देकर वायरल बुखार के मरीज इन दिनों आ रहे हैं। प्रतिदिन ट्रॉमा सेंटर में 10 से 12 मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। इसके ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या 30 से 35 के ऊपर जा रही है। वायरल बुखार में गुनगुने पानी का सेवन से फायदा मिलता है। फुल कपड़े पहनें। कान और पैर को गरम कपड़े से ढककर रखें। डॉक्टर की सलाह पर ही दवा का प्रयोग करें।
- डॉ. अभिषेक प्राणायामी, ईएमओ, ट्रॉमा सेंटर
फोटो- 06 जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती बुखार के मरीज। संवाद