फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांवों में आग ने जला दी एक करोड़ की संपत्ति

Fri, 22 Apr 2016 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
अछरौड़ गांव मेें आग की तबाही का नजारा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बांदा। बृहस्पतिवार को आग ने जगह-जगह तांडव मचाया। आधा दर्जन गांवों में हुए अग्निकांडों में कई लोग झुलस गए। एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति राख हो गई। आग बुझाने मेें फायर ब्रिगेड और प्रशासन के पसीने छूट गए। देर रात तक आग पर काबू पाने की मशक्कत जारी थी। आग से सबसे ज्यादा तबाही मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सदर तहसील के चमरौडी पुरवा (अछरौड़) की है। सुबह चुनुबाद आरख के चूल्हे से खपरैल में आग लग गई। तेज हवाओं ने आग में घी का काम किया।
विज्ञापन


कुछ ही देर में उसके भाई महेश्वरीदीन समेत बब्लू आरख, सुरेश केवट, मुन्नीलाल, बच्चा, हुलासी, विश्वनाथ वर्मा, केसर केवट, राजाराम, लल्लू कुम्हार, भगवानदीन वर्मा, फौजी, राजन निषाद, जोधा आरख, बरदानी, सीताराम वर्मा, महेश कुमार, कल्लू प्रजापति, रज्जू समेत 40 घरों को भी चपेट में ले लिया। भीषण आग से गांव में दहशत फैल गई। आसपास के ग्रामीण आग बुझाने की कोशिशों में जुट गए। लगभग एक घंटे बाद आईं तीन फायर ब्रिगेड ने केन नदी व निजी नलकूप से पानी ढोकर छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसडीएम अनुज सिंह, बीडीओ आरडी यादव सहित पुलिस
पूरे समय बचाव कार्य में जुटी रही। फौरी तौर पर लगाए गए अनुमान में लगभग एक करोड़ रुपये संपत्ति का नुकसान बताया गया।

उधर, सदर तहसील के कहला गांव में भी शिवचरन पुत्र रघुनाथ के घर आग लग गई। तेज हवाओं के झोंकों से आग ने आसपास के तीन और घरों को चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड अछरौड़ गांव में लगी होने पर यहां ग्रामीणों ने खुद पानी ढोकर आग काबू की। शिवचरन व धीरज निषाद का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक चारों घरों में कुल आठ लाख रुपये की संपत्ति खाक हुई। इनके अलावा महुई, तिलौसा, कैरी और परमपुरवा गांवों में भी आग ने कई मकानों को खाककर एक दर्जन से ज्यादा परिवारों को बेघर कर दिया। राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पीड़ितों की सूची बना रहे हैं। डीएम योगेश कुमार ने कहा है कि नियमानुसार जो भी संभव सरकारी आर्थिक मदद दी जा सकेगी, दी जाएगी।  
विज्ञापन


विधायक ने पीड़ितों को दिए 5-5 हजार
बांदा। तिंदवारी क्षेत्र से कांग्रेस विधायक दलजीत सिंह ने अछरौड़ गांव जाकर अग्निकांड पीड़ितों को 5-5 हजार रुपये की मदद दी है। उधर, सपा जिला महासचिव राजेंद्र यादव व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश साहू भी घटनास्थल पहुंचे। एसडीएम अनुज सिंह से पीड़ितों को आवास व राशन की व्यवस्था करने और आर्थिक मदद देने का अनुरोध किया। इस अवसर पर अरुण यादव, जगमोहन पाल, रामबाबू यादव, राजाराम, छोटेलाल यादव आदि भी मौजूद रहे। एसडीएम ने बताया कि पीड़ितों को राशन दिलाया जाएगा।

गृहस्थी व नगदी खाक, महिला झुलसी
बबेरू। कमासिन थाना क्षेत्र के तिलौसा गांव निवासी कमला देवी (45) पत्नी नरोत्तम के घर में गुरुवार को लगी आग से रखी अरहर की फसल खाक हो गई। बच्चों और मवेशियों को बचाने को बाहर निकालने दौरान वह आग से घिर गई और बुरी तरह झुलस गई। पड़ोसियों ने उसे बाहर निकाला। गृहस्थी और 40 हजार रुपये स्वाहा हो गए। लगभग दो लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। एसडीएम सुरेंद्र प्रसाद यादव और नायब तहसीलदार राजकुमार सिंह ने गांव पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें