बांदा। राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज बेचकर 48 लाख 87 हजार 674 रुपये भंडार प्रभारी ने हड़प लिए। जांच में दोषी पाए जाने के बाद जिला कृषि अधिकारी ने बीज गोदाम प्रभारी मुन्नीलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस में उसके विरुद्ध सरकारी धन का गबन (अमानत में खयानत) की रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्लाक कार्यालय में संबद्ध कर उसके जिला मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगा दी गई है।
प्रकरण बड़ोखर ब्लाक के बड़ोखर खुर्द गांव का है। यहां स्थित राजकीय बीज भंडार में रबी वर्ष 2020-21 में 861.12 क्विंटल बीज भेजा गया था। इसकी कीमत 52 लाख 40 हजार 174 रुपये थी। आरोप है कि गोदाम प्रभारी ने पूरा बीज बेच लिया। बिक्री रजिस्टर में मात्र 3 लाख 52 हजार 500 रुपये ही दर्ज किए गए। गोदाम प्रभारी इस राशि की भी रसीदें या बैंक में जमा करने इत्यादि का चालान आदि नहीं पेश कर सके। इसके अलावा 50 लाख 51 हजार 414 रुपये का कोई हिसाब नहीं बताया।
संयुक्त कृषि निदेशक संजय कटियार ने निरीक्षण के दौरान यह घपला पकड़ा। उन्होंने उप कृषि निदेशक रामकुमार को जांच के आदेश दिए। उप निदेशक की जांच में यह घोटाला सामने आया। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह के निर्देश पर संयुक्त कृषि निदेशक ने बीज गोदाम प्रभारी मुन्नीलाल के विरुद्ध शहर कोतवाली में धारा 409 आईपीसी (गबन) की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। साथ ही बीज गोदाम प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर बड़ोखर ब्लाक कार्यालय में संबद्ध किया गया है। बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। बीज गोदाम का प्रभार मनोज कुमार प्रभारी सहायक ग्रुप सी को सौंपा गया है।
-------------
पूर्व सैनिकों की बैठक में समस्याओं पर चर्चा
बांदा। पूर्व सैनिक सेवा परिषद की एक मैरिज हाल में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष कैप्टन श्याम बाबू सिंह ने कहा कि सभी सैनिकों को एकसूत्र में बांधने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पूर्व सैनिक सेवा परिषद का कार्यालय पहली जनवरी से शुरू हो गया है। सैनिकों की समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। सेवारत व पूर्व सैनिकों की गणना का भी निर्णय लिया गया। सभी ब्लाकों में उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। आह्वान किया कि सैनिक बेटी की शादी में सदस्य 101 रुपये का सहयोग करें। पूर्व सैनिक दयाशंकर तिवारी, राजू सिंह, भूरे लाल, अखिलेश दीक्षित आदि मौजूद रहे। (संवाद)
-------------------
हक की बात डीएम के साथ कल
बांदा। हक की बात जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम के बैनर तले 27 फरवरी को महिला सुरक्षा सम्मान और स्वावलंबन पर मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष गोष्ठी होगी। स्थानीय मुद्दों सहित महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण, यौन हिंसा, घरेलू हिंसा, दहेज आदि पर भी मंथन किया जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि प्रात: 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक कार्यक्रम चलेगा। महिलाएं अपनी बात डीएम से सीधे कह सकेंगी। समस्याओं के अलावा सुझाव भी दे सकेंगी। डीएम फौरीतौर पर कार्रवाई करेंगे। (संवाद)