बबेरू। पूर्व बीडीसी सहित पूरे परिवार को बंधक बनाकर मारपीट और लूटपाट की घटना में पुलिस दूसरे दिन भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई। गृहस्वामी की तहरीर पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मर्का थाना क्षेत्र के कुसमियन डेरा में मंगलवार की रात हथियार बंद और चेहरे पर कपड़ा बांधे बदमाशों ने गृहस्वामी संतोष गौतम, उनकी मां सूरजकली, पत्नी वंदना और पुत्री पलक को मारपीट कर कमरे में तीन घंटे बंधक बनाकर चार लाख रुपये की नगदी और लाखों के जेवर लूट लिए थे। घायल पूरा परिवार जिला अस्पताल में भर्ती है। आईजी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे, लेकिन फिलहाल दूसरे दिन भी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई।
गृहस्वामी संतोष की तहरीर पर पुलिस ने धारा 394 आईपीसी में 4 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी रामाश्रय सरोज ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए 3 टीमें गठित की गईं हैं।
--------------------
कांग्रेस की चौपाल में कृषि कानूनों पर चर्चा
तिंदवारी। बबेरू और तिंदवारी ब्लॉकों में बृहस्पतिवार को जय जवान, जय किसान चौपाल अभियान के तहत दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। तिंदवारी ब्लाक अध्यक्ष दानेंद्र सिंह दानी और बबेरू में कांग्रेस नेता रामानुज की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने तीनों कृषि कानूनों को काला बताया। बी.लाल, आदित्य स्वरूप पांडेय, गजेंद्र सिंह पटेल, रामहित निषाद ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संतोष कुमार द्विवेदी, साकेत बिहारी मिश्र, डॉ. राजेंद्र प्रसाद तिवारी, लक्ष्मीकांत मिश्रा, कैलाश त्रिपाठी, विजेंद्र सिंह भदौरिया, बुद्धराज सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)
-----------------
पेंशन अदालत स्थगित
बांदा। 26 फरवरी को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली मंडलीय पेंशन अदालत स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी संयुक्त निदेशक, सदस्य एवं संयोजक, पेंशन अदालत ने दी। (संवाद)
--------
तमंचे समेत एक गिरफ्तार
बांदा। तिंदवारी थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को गश्त के दौरान थाना क्षेत्र के गोखरही गांव निवासी दशरथ तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके पास तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। दरोगा सिंह और कांस्टेबल जितेंद्र व शुभम यादव ने गिरफ्तारी की। (संवाद)
-------------
फोटो परिचय-14-विद्युत परीक्षण शाला का उद्घाटन करते मुख्य अभियंता डीके सक्सेना।
अतर्रा में परीक्षणशाला का उद्घाटन
अतर्रा। नरैनी रोड पर विद्युत परीक्षण शाला का बृहस्पतिवार को उद्घाटन मुख्य अभियंता डीके सक्सेना ने फीता काटकर किया। अधीक्षण अभियंता एसके मिश्रा ने कहा कि परीक्षणशाला में अतर्रा व नरैनी उपखंड क्षेत्र के उपभोक्ताओं के टेस्टिंग संबंधी सभी कार्य किए जाएंगे। बिलों में संशोधन और मीटर बदलवाने आदि काम आसानी से होंगे। घरेलू मीटरों का परीक्षण किया जाएगा। इस मौके पर अधिशासी अभियंता (परीक्षण) सत्य प्रकाश, उपखंड अधिकारी (अतर्रा), ज्ञानेश कुमार, वैभव शुक्ला (नरैनी), दिलीप कुशवाहा, रामलाल पाल, राकेश साहू, अजय पांडेय, सचिन गुप्ता, रमाशंकर, ललित, शिवम मिश्रा, मनोज सेन आदि मौजूद रहे। (संवाद)
-------------
संचारी रोग की दी जानकारी
अतर्रा। ब्रह्म विज्ञान इंटर कॉलेज में संचारी रोग पर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। प्रधानाचार्य शिवदत्त त्रिपाठी ने कहा कि मौसम परिवर्तन से संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। घर में पानी का जमाव न होने दें। कटे फलों का सेवन न करें। इस मौके पर शांतिभूषण यादव, अरुण कुमार सिंह, कालीचरण बाजपेयी, चेतराम, बृजेश मिश्रा, राजेश कुमार, राजेंद्र कुमार, संजय, जेपी, कोमल, सुरेंद्र शर्मा, सुरेशचंद्र आदि मौजूद रहे। (संवाद)
-----------
10 रन से जीती टीम-ए
तिंदवारी। अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन बृहस्पतिवार को कांस्टेबल शिवम ने किया। पिपरगवां-ए और बी के बीच मैच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम-ए ने 108 रन बनाए। टीम-बी 98 रन बनाकर आल आउट हो गई। ए टीम ने 10 रन से मैच जीत लिया। मैन आफ द मैच सीताराम दिवाकर रहे। अंपायर नरेश माथुर और विशंभर वर्मा रहे। (संवाद)
-------
वार्षिकोत्सव आज से
अतर्रा। महाविद्यालय में खेलकूद और वार्षिक उत्सव का आयोजन 26 से 28 फरवरी तक होगा। यहां खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण समारोह होगा। यह जानकारी एनसीसी प्रभारी पीके विश्वकर्मा ने दी। (संवाद)