बदौसा। किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे। थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव में मुन्ना की 17 वर्षीय पुत्री रोशनी ने रविवार को सुबह घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना के वक्त परिजन बाहर थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। एसओ अरविंद सिंह गौर ने बताया कि परिजन आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। जांच की जा रही है। (संवाद)
----------------
तीन लोगों ने जहर खाया
बांदा। बबेरू नगर निवासी गुड़िया ने रविवार को सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने घटना की वजह गृह कलह बताई है। देहात कोतवाली क्षेत्र के रामगुलाम पुरवा में मंटू और बचनी पुरवा (अतर्रा) में लवकुश ने अपने घरों में जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। (संवाद)
--------------
बुखार और सांस में दिक्कत से तीन की मौत
बांदा। जिला अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों की मौत हो गई। इनमें दो सांस रोगी और एक बुखार से ग्रसित बताया गया। कल्यानपुर गांव निवासी बसंत लाल (45) को शनिवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को सुबह दम तोड़ दिया। उसे पांच दिनों से बुखार आ रहा था। उधर, शहर के श्रीनाथ विहार की शकुंतला (85) की शनिवार की रात हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, अतर्रा चुंगी की प्रभा (63) की शनिवार की रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। दोनों को सांस लेने में दिक्कत थी। परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन न होने से उनके मरीज की मौत हुई। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को गलत बताया। (संवाद)
----------------
नलों में आ रहा गंदा पानी
मटौंध। क्षेत्र में बदबूदार पानी आ रहा है। जगह-जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा। नेशनल हाईवे चौड़ीकरण में नाले की पुलिया के नीचे पाइपलाइन टूट गई है। नलों से गंदा पानी आपूर्ति हो रहा है। बैबेथोक अनुसूचित बस्ती सहित अधिकांश मोहल्लों में बदबूदार पानी आ रहा है। स्थानीय बाशिंदों ने लीकेज दुरुस्त करने की मांग की है।(संवाद)
-----------
आग से अनाज जला
खप्टिहा कलां। पैलानी क्षेत्र के अदरी गांव में सरफुला खां के मकान में आग लग गई। यहां रखा पूरा अनाज जल गया। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। सरफुला खां ने बताया कि अग्निकांड वाले घर में सिर्फ अनाज रखा था। आग लगने का कारण अज्ञात है। रविवार को दोपहर आग से मटर, गेहूं, तिलहन आदि फसल जल गई। (संवाद)
----------------
नगर पंचायत ने चलाया सफाई अभियान
मटौंध। वीकेंड लॉकडाउन में नगर पंचायत की ओर से कर्मचारियों से सफाई अभियान चलाया। डोर-टू-डोर सैनिटाइजर किया गया। कोरोना से बचाव के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उधर, इंस्पेक्टर ने कोचिंग संचालकों को कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करते पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। मैरिज हाल संचालकों को भी शादी के मौकों पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। पंचायत अध्यक्ष चौधरी सुधीर सिंह ने कहा कि नगर पंचायत टीम द्वारा लगातार सैनिटाइज किया जा रहा है। (संवाद)
--------------
विद्युत कटौती बंद करने की मांग
अतर्रा। समाजसेवी देवेंद्र मिश्रा दीपू ने डीएम को पत्र भेजकर विद्युत कटौती बंद करने की मांग की है। कहा कि कोरोना महामारी से ज्यादातर लोग घरों में है। विद्युत विभाग और जलकल के अधिकारियों द्वारा बिजली व पानी की सप्लाई में कटौती की जा रही है। इससे जनजीवन में असर पड़ रहा है। बिजली कटौती से लोगों की भरपूर नींद नहीं हो पा रही। जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। (संवाद)
----------------
पांच गुना ज्यादा रेट में बेच रहे गुटका
अतर्रा/खत्री पहाड़। वीकेंड लॉकडाउन में गुटका व्यापारी पांच गुना ज्यादा दाम में बेच रहे हैं। पिकअप से माल की सप्लाई मध्य प्रदेश के शहरों में की जा रही है। क्षेत्रीय दुकानदारों को माल न देने पर दुकानदारों समेत स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। किराना व्यवसायी भी जमाखोरी करने में लगे हुए हैं। क्षेत्रीय दुकानदारों ने कहा कि थोक व्यापारी साठगांठ कर माल की जमाखोरी करने में लगे हैं। उधर, शेरपुर और गिरवां में थोक व्यापारी कोरोना महामारी के चलते पांच गुना रेट पर एमपी के सरबई चंदला भेजने का काम कर रहे हैं। क्षेत्र के छोटे दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त है। (संवाद)
----------------
कस्बे में नहीं कराया गया सैनिटाइजेशन
तिंदवारी। शनिवार और रविवार लॉकडाउन के दौरान नगर पंचायत ने कहीं भी सैनिटाइजेशन नहीं कराया। पुरानी तिंदवारी समेत कबीर नगर, भगवती नगर, प्रेम नगर, शंकर नगर, श्रीनगर, संतोषी नगर में कूड़े के ढेर लगे हैं। नालियां गंदगी से पटी हैं। दुर्गंध से लोगों का जीना दुश्वार है। राजेंद्र द्विवेदी, शिवकुमार, अशोक कुमार, राजकुमार, शिवप्यारी, दिनेश यादव, जयप्रकाश, देशराज, अनिल यादव, शिवम प्रजापति आदि ने डीएम से सैनिटाइजेशन करवाने की मांग की। ईओ अमर बहादुर ने कहा कि कस्बे में सैनिटाइज कराया गया है। (संवाद)
-------------------
डीडीसी प्रत्याशी के पति की मौत
अतर्रा। मेडिकल कालेज में भर्ती अपना दल नेता व डीडीसी प्रत्याशी के पति की मृत्यु हो गई। परिजनों ने ऑक्सीजन न होने से मौत का आरोप लगाया है। अपना दल नेता व बदौसा रोड निवासी बसंत कुमार पटेल बुखार से ग्रसित थे। छह दिन पूर्व उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। यहां शनिवार की देर रात मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि सिलिंडर में ऑक्सीजन खत्म होने से मौत हुई। हालांकि, मेडिकल कालेज प्रशासन आरोपों को गलत बता रहा है। मृतक बसंत की पत्नी मीरा पटेल वार्ड 26 से डीडीसी प्रत्याशी हैं। (संवाद)
-----------------
पालिका नहीं करा रही सैनिटाइजेशन
अतर्रा। कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा और पालिका को सैनिटाइजेशन की सुध नहीं है। ओम प्रकाश गौतम, शिव गोपाल गुप्ता, ब्रह्मदत्त शुक्ला, राजेश द्विवेदी, रमेश, शैलेंद्र मिश्रा आदि ने बताया कि वीकेंड लाकडाउन में सैनिटाइजेशन के निर्देश हैं, लेकिन पालिका द्वारा सैनिटाइजेशन नहीं किया जा रहा। आरोप लगाया कि नगर में सफाई व्यवस्था धड़ाम है। नालियों में गंदगी बजबजा रही है। दुर्गंध से सांस लेना दूभर होता है। (संवाद)
------------------
बाइकों की भिड़ंत में घायल
अतर्रा। बदौसा थाना क्षेत्र के शक्तिपुर गांव निवासी लाखन रविवार को दोपहर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकराकर घायल हो गए। दूसरा बाइक चालक वाहन लेकर भाग निकला। राहगीरों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। (संवाद)
------------------
फाल्ट दुरुस्त कर रहा लाइनमैन झुलसा
खप्टिहा कलां। फाल्ट दुरुस्त कर रहा संविदा लाइनमैन बिजली आने से झुलस गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बंशी डेरा निवासी शिवकरन पलरा सब स्टेशन में संविदा लाइनमैन है। सहूरपुर गांव में रविवार की शाम एचटी लाइन में काम कर रहा था। तभी आपूर्ति चालू होने पर वह झुलस गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शटडाउन लेकर लाइनमैन काम कर रहा था। बिजली विभाग की लापरवाही से हादसा हुआ। चिल्ला थाना इंस्पेक्टर वीर प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)