गुुरुवार को घने कोहरे की धुंध में बारातियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। उस पर सवार दुल्हन की चचेरी बहन समेत दो लोग घायल हो गए। उधर, अलग-अलग मार्ग हादसों में सात राहगीर घायल हो गए। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के कमनौडी गांव निवासी सुधा (30) पत्नी बिंदा प्रसाद गुरुवार को सुबह चचेरी बहन की बारात विदा होने के बाद परिजनों के साथ ट्रैक्टर ट्राली से वापस गांव जा रही थी।
पचनेही गांव के मोड़ के पास पीछे से आ रहे बालू भरे ट्रक की टक्कर से ट्राली समेत ट्रैक्टर पलट गया। सुधा और ट्रैक्टर चला रहा उसका भतीजा ओम प्रकाश (39) पुत्र कालीचरन गंभीर रूप से घायल हो गए। भाग रहा ट्रक भी कुछ दूर जाकर पलट गया। चालक और क्लीनर मौके से भाग निकले। ट्राली में सवार अन्य यात्री बच गए। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के अलिहा गांव का सूरज सिंह (22) पुत्र मनरूप सिंह अपने साथी राजेंद्र सिंह (20) व लवकुश (21) के साथ गुरुवार को सुबह बाइक पर सैमरी से तिंदवारी जाते समय सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराए। सूरज सिंह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। राजेंद्र और लवकुश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। राजेंद्र ने बताया कि कोहरे की वजह से यह दुर्घटना हुई।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा गांव का प्रदीप (20) पुत्र रामशरण बुधवार को शाम अपने दोस्त विक्की (22) पुत्र राजाराम के साथ बाइक पर पपरेंदा गांव से लौट रहा था। रास्ते में समय मवेशी से टकरा कर दोनों घायल हो गए। एक अन्य घटना में गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव निवासी सुरेंद्र कुमार (23) पुत्र शिव मंगल बुधवार को शाम बाइक से गिरकर घायल हो गया। उधर, बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव का संतोष (23) पुत्र रामराज बुधवार को शाम खेत से पैदल वापस आते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गया।