बांदा। पुराने ओवरब्रिज पर किसान को वाहन ने रौंद दिया। उसकी वहीं मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। एक अन्य घटना में ई-रिक्शा दीवार से टकरा जाने पर युवक घायल हो गया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के पवइया गांव का रघुवर प्रसाद यादव (50) पुत्र रामदेव मंगलवार को तड़के लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने रेलवे स्टेशन जा रहा था। तभी पीछे से तेजरफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को अस्पताल के मर्चयुरी में पहुंचाया और मोबाइल के जरिये परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम हाउस में भाई रघुराज यादव ने बताया कि सोमवार को वह बांदा आए थे।
रात को पुत्र चंद्रजीत के यहां रुके रहे। चंद्रजीत चमरौडी में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा है। मृतक के नाम पांच बीघा जमीन है। एक अन्य घटना में कमासिन निवासी ओमप्रकाश (35) पुत्र नकुल प्रसाद मंगलवार को दोपहर ई-रिक्शा से पीली कोठी जा रहा था। असंतुलित रिक्शा ब्रिज की दीवार से टकरा गया और ओमप्रकाश घायल हो गया। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।