बांदा। विधान परिषद मेें नेता प्रतिपक्ष और पूर्व काबीना मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि बांदा शहर की सब्जी मंडी में हुए अग्निकांड में अग्नि पीड़ितों को पर्याप्त मुआवजा न देने का मामला विधान परिषद में उठेगा। इस मुद्दे पर कार्रवाई न होने तक विधान परिषद की कार्रवाई नहीं चलने दी जाएगी। सपा के बड़े नेता अपने वादे पूरे करें।
श्री सिद्दीकी रविवार को दोपहर सब्जी मंडी पहुंचे। 11 अक्तूबर को मंडी में भीषण आग से चार सौ से ज्यादा दुकानें खाक हो गईं। एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जल गई। नेता प्रतिपक्ष ने मंडी में अग्नि पीड़ितों के बीच कहा कि वह उनका दुख दर्द बांटने आए हैं। उनका यहां से खूनी रिश्ता है। बांदा शहर के लोगों के वह ताउम्र एहसानमंद रहेंगे। ताकि बसपा सरकार में सब्जी मंडी में अग्निकांड होने पर उन्होंने खुद यहां आकर बसपा की ओर से पीड़ितों को 10 लाख रुपये बांटे थे। तभी सपा के कई बड़े नेता यहां आए थे। बड़ी-बड़ी बातें और वादे कर गए थे। सपा सरकार बनने पर पक्की दुकानें और मुआवजे का भरोसा दिलाया था। अब उन्हीं की सरकार है तो क्यों नहीं कर रहे वादों पर अमल ?
श्री सिद्दीकी ने कहा कि हैरत की बात है कि अग्नि पीड़ितों की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी मुखिया बहन जी से बात करके संभव सहायता दिलाने की कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री कोष से अग्नि पीड़ितों का आर्थिक मदद और पक्की दुकानें बनाने की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि बार-बार सब्जी मंडी आग के हवाले हो रही है। इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए। अग्नि पीड़ित सब्जी व्यापारियों ने श्री सिद्दीकी को ज्ञापन देकर सरकार से मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर बसपा के मंडलीय कोआर्डिनेटर मोहम्मद इदरीस सहित बसपा नेता मुमताज अली, सब्जी मंडी यूनियन अध्यक्ष शाहनवाज खां, हाफिज मोहम्मद साबिर चौधरी, अय्यूब राईन, शरीफ, महेश यादव, रफीक अहमद, अकबर, रेहाना, पप्पू, आदिल, दानिश, छोटू यादव, नाथूराम, मलिकचंद, उमाशंकर, राजा यादव, जय करन, नन्हू, सज्जो, सिराज, शिवलाल, बशी उल्ला, अब्दुल रऊफ, अजीज अहमद, मंजूर सहित बड़ी संख्या में सब्जी कारोबारी उपस्थित रहे। आढ़ती मंजूर और शफीक उर्फ लल्लू राईन ने भी श्री सिद्दीकी का स्वागत किया।