फोटो- 14 कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सवर्ण समाज के युवा। संवाद
बांदा। यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर सवर्ण युवाओं में उबाल जारी है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद शनिवार को बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के युवा सड़क पर उतरे। उन्होंने जीआईसी मैदान से कचहरी तक पैदल मार्च निकाला और कचहरी तिराहे पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने पर युवाओं ने जाम नहीं लगाया, बल्कि पांच मिनट तक नारेबाजी कर कलक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सवर्ण समाज के आह्वान पर सैकड़ों युवा जीआईसी मैदान में जुटे, जहां उन्होंने यूजीसी के नए प्रावधानों पर चर्चा की। संरक्षक संकटा प्रसाद त्रिपाठी ने इसे अस्तित्व की लड़ाई बताते हुए कहा कि यह अग्रिम पीढ़ी को असुरक्षित करने वाला और सवर्णों के साथ छल है। उन्होंने सरकार से इस विभाजनकारी कानून के निर्माण का कारण स्पष्ट करने की मांग की। इसके बाद स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पैदल मार्च निकाला।
कचहरी तिराहे पहुंचने पर युवाओं ने जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस के समझाने पर आगे बढ़ गए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। राजेन्द्र मिश्र, राकेश बाजपेई, राजकुमार त्रिवेदी, शशिकांत तिवारी, ध्रुव उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
फोटो- 14 कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सवर्ण समाज के युवा। संवाद