बांदा। यूपी रोडवेज इंपलाइज यूनियन ने रविवार को राष्ट्रीयकृत मार्गों पर अनाधिकृत निजी वाहनों के संचालन के विरोध में प्रदर्शन किया। चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त दिनेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर इस पर रोक लगाए जाने की मांग की। बताया कि मंडल के प्रमुख बस स्टेशनों के आसपास बड़ी संख्या में ट्रैवल्स एजेंसी खुली हुई है।
इन एजेंसियों के कर्मचारी बस स्टेशनों के इर्द-गिर्द घूम-घूमकर दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ के यात्रियों को कम किराए का प्रलोभन देकर अपने यहां से ले जाते हैं। मना करने पर रोडवेज कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट तक की जाती है। लग्जरी प्राइवेट बसें कांट्रेक्ट कैरिज परमिट से संचालित हो रही हैं। इनके पास कोई वैध परमिट भी नहीं है। इनके संचालन से चित्रकूटधाम मंडल में निगम को करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये मासिक राजस्व का नुकसान हो रहा है।
कहा कि शासनादेश के अनुसार, कोई भी प्राइवेट ट्रैवल्स एजेंसी व बसों का संचालन बस स्टैंड से एक किलो मीटर की परिधि के अंदर नहीं हो सकता है। आरोप लगाया कि वाहनों के अवैध संचालन को रोकने के लिए परिवहन अधिकारी व जिला प्रशासन कोई रुचि नहीं ले रहा है। परिणाम स्वरूप डग्गामार वाहनों में इजाफा हो रहा है। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष रामबाबू यादव, क्षेत्रीय मंत्री रविशंकर शर्मा सहित आदि मौजूद रहे।
-----------------
अभय इलेवन ने दिनेश को पराजित किया
बांदा। डीआर क्रिकेट अकेडमी के तत्वावधान में जेएन डिग्री कालेज मैदान में चल रहे प्लेयर्स वाइस लीग के ग्रुप-बी मैच में अभय इलेवन ने दिनेश इलेवन को हरा दिया। अभय इलेवन ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 27.5 ओवर में 242 रन बनाए। राहुल सिंह ने 64, सुप्रीत सोम त्रिवेदी ने 47, राज अहिरवार ने 33 रनों का योगदान दिया। दिनेश सिंह इलेविन 20.2 ओवर में 97 रन बनाकर आल आउट हो गई। अनुज प्रताप सिंह ने 29, राहुल यादव ने 15 रनों का योगदान दिया। मैच के अंपायर दुर्गेश भदौरिया, रेहान खां, स्कोरर राजेश सिंह, अर्पित कबीर, कमेंटेटर शिव अवस्थी, शिव बहादुर सिंह, अकेडमी से चेयरमैन चंद्रमौली भरद्वाज, राजेश अवस्थी, सादिक अली, मनोज मिश्रा, मोहित सिंह, राहुल सिंह, सलमान हाशमी, मनु, सिमरन, शिव प्रताप सिंह, मंगल सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)