तिंदवारी (बांदा)। ननिहाल में नानी के साथ सो रही नौ वर्षीय बालिका को उसका 24 वर्षीय सगा मामा उठा ले गया। साइकिल पर उसे गांव के बाहर नहर के पास ले जाकर मुंह में कपड़ा ठूंसकर दुष्कर्म किया। इसके बाद बेहोश अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामा के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बालिका को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात की है। बालिका दो साल से ननिहाल में रहकर गांव के स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ रही है। रोजमर्रा की तरह बीती रात भी बालिका अपनी नानी के साथ सो रही थी। तभी सगा मामा उसे उठा ले गया। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। तिंदवारी-बबेरू रोड पर क्योटरा गांव के पास बेहोशी हालत में छोड़कर फरार हो गया। होश आने पर रविवार तड़के करीब तीन बजे सड़क पर आई। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
एसओ रामदिनेश तिवारी और सिमौनी चौकी प्रभारी राधा मोहन द्विवेदी ने बालिका को जिला अस्पताल पहुंचाया। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मामा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक डा. एसएस मीणा ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।