अतर्रा। बाइक सवार मामा-भांजे को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मामा की मौत हो गई जबकि घायल भांजे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के खमौहरा गांव निवासी नीलेश यादव (28) गुरुवार की देर शाम अपने भांजे पवन यादव (27) के साथ बाइक से बिसंडा थाना क्षेत्र के पारा गांव में अपने रिश्ते की बहन शिवकली के नवजात बेटे की छठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से रात के समय लौटते समय अमवा गांव में नहर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को बिसंडा पीएचसी पहुंचाया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान नीलेश ने दम तोड़ दिया। जबकि पवन को भर्ती कराया गया है। मृतक बाइक चालक नीलेश दो भाइयों में बड़ा था। चचेरे भाई लक्ष्मीकांत यादव ने बताया कि घर में पत्नी अभिलाषा व डेढ़ वर्ष का पुत्र है। अतर्रा कोतवाल पंकज सिंह का कहना है सड़क हादसे में नीलेश की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।