अतर्रा। सड़क किनारे पड़ी स्वयं की बालू को बोरी में भरते समय कुछ लोगों ने चाचा-भतीजे को घेरकर लाठी-डंडों से हमला करके घायल कर दिया। पुलिस ने 11 हमलावरों के खिलाफ मारपीट में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के आऊ गांव निवासी नरेश पाठक ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 14 जुलाई की शाम वह अपने भतीजे शिवा पाठक के साथ गांव के चौराहे किनारे पड़ी हुई स्वयं की बालू को बोरियों में भर रहे थे। उसी समय गांव निवासी गोपाल अपने साथी आनंदराज, श्रीकांत, आशीष उपाध्याय, राजा उपाध्याय, गोविंद, छोटू, राजधर, लालू, रवि व किशन के साथ आए। रंजिश के चलते लाठी-डंडा और तमंचा लेकर अभद्रता करने लगे। मना करने पर सभी लोगों ने उसे घेरकर उसके भतीजे को लाठी-डंडों से हमला करके घायल कर दिया। बचाने पर उसके भाई अवधेश पाठक व राजेश रंजन को भी पीट दिया।
बड़े भाई शिवा पाठक की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज से प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। वहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। कहा कि उक्त दबंग इसके पूर्व भी कई बार घटना को अंजाम दे चुके हैं। कोतवाली पुलिस ने सभी 11 आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।