मटौंध में यूपी-एमपी को जोड़ने वाले रेलवे अंडर ब्रिज में भरा पानी।
- फोटो : BANDA
बांदा। रेलवे के भूमिगत मार्ग (अंडरपास) में बारिश का पानी भर जाने से यूपी-एमपी के बीच सड़क संपर्क बाधित है। स्कूली वाहन और मरीजों की एंबुलेंस आदि भी नहीं निकल पा रही।
जखौरा (यूपी) और गौरिहार और सरबई (एमपी) के बीच स्थित रेलवे का भूमिगत रास्ता पानी में डूबा हुआ है। कई दिनों से यातायात ठप है। यूपी के हरदोनी, बसहरी, चमरहा, जखौरा, आलमखोड़ और बनियनखोड़ तथा एमपी के चंदपुरा, बदौरा और खड्डी आदि गांवों के ग्रामीण व महिलाएं इलाज के लिए भी अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे।
स्कूल की बस कई दिन से खड़ी हुई है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे। रेलवे का यह भूमिगत रास्ता शुरू से ही तकनीकी गड़बड़ी का शिकार है। श्याम रैकवार, रामचरन शर्मा, कुक्कू रैकवार, मुकेश, जागेश्वर तिवारी, रामदीन अनुरागी, ज्ञान सिंह आदि ने डीएम और रेलवे अधिकारियों से इस ओर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।