जसपुरा (बांदा)। चिल्ला थाना क्षेत्र के दोहतरा गांव के पास मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसी दाैरान पीछे से आए ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक घायल हो गया।
चिल्ला थाना इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने बताया कि फतेहपुर के ललौली थानाक्षेत्र के ललौली गांव निवासी सरवर (25) साथी इशरत खान (30) के साथ गुरुवार की रात साढ़े आठ बजे करीब बाइक से बांदा से अपने गांव जा रहे थे। दूसरी तरफ से चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव निवासी प्रमोद कुमार बाइक से चिल्ला आ रहा था। दोहतरा गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इस बीच पीछे से आए ट्रक ने दोनों बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में सरवर और इशरत की मौत हो गई जबकि दूसरा बाइक चालक प्रमोद गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल प्रमोद को जिला अस्पताल भेजा है। शवों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मृतकों के घरवालों को खबर दी गई है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।