बांदा। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के पोस्ट आफिस के पास के निवासी संदीप (25) शुक्रवार की शाम बिसंडा थाना क्षेत्र के घूरी गांव से लौट रहा था। गांव के पास अचानक बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर सामने लगे बिजली के खंभे से भिड़ गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भाई दीपक ने बताया कि दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। गाड़ी चलवाने का काम करता था। अतर्रा कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में मौत हुई है।
उधर, बिसंडा थाना क्षेत्र के जरोहरा गांव निवासी गुलाब (30) भांजे संजय की शादी में बिसंडा थाना क्षेत्र के उमरेहढ़ा गांव गया था। वहां से वह वापस पड़ोसी सु्ग्रीव (20) के साथ लौट रहा था। उमरेहढ़ा गांव के पास ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। गुलाब की मौके पर ही मौत हो गई, साथी घायल हो गया।
साले मइयादीन ने बताया कि वह अपने घर का इकलौता था। एक पुत्र एक पुत्री है। घर में पत्नी गोमती है। बिसंडा थाना इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।