बांदा। बुखार और डायरिया के मरीजों से ट्राॅमा सेंटर फुल हो गया। सोमवार को एक बेड में दो-दो मरीजों को बैठाकर ड्रिप लगाई गई। सभी 22 बेड फुल रहे। गैलरी और बरामदे में मरीजों का इलाज किया गया।
सोमवार को 16 मरीज भर्ती किए गए। जिला अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर में सोमवार को मरीजों की भीड़ रही। बेड खाली न मिलने पर मरीजों ने बरामदे में ही डेरा डाल लिया। कटरा निवासी आकांक्षा (25), गोरेपुरवा निवासी रितिक (आठ माह), बघेलाबारी गांव निवासी अंकुश (डेढ़ वर्ष), झील का पुरवा निवासी अराध्या (3), अतर्रा निवासी रामकृपाल (65), कटरा निवासी कविता (23), खप्टिहा कलां निवासी प्राची (14), पाड़ादेव निवासी कुमारिया (95), खाईंपार निवासी मीनाक्षी (8), लुकतरा निवासी रुकमणि (50), महुई गांव निवासी केलापति (75), चंदवारा गांव निवासी राधिका (छह माह), जमालपुर गांव निवासी प्रतीक्षा (15), पुलिस लाइन निवासी आयूषी (11), इंदिरानगर निवासी राकेश (45), बलखंडीनाका निवासी नगमा (18) को डायरिया और बुखार के चलते भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ ईएमओ डॉ. विनीत सचान ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही खानपान में एहतियात न बरतने पर डायरिया और बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। गर्मी के दिनों में धूप में खाली पेट बाहर निकले। दिन में तीन से चार बार दस्त आने पर मरीज को अस्पताल में दिखाएं। सभी भर्ती मरीजों का इलाज किया गया है। मरीज बढ़ने पर उन्हें जिला अस्पताल के वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है।