बांदा। वायरल बुखार के साथ डेंगू भी जोर पकड़े है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी जांच में दो और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। दोनों ही मरीज ओपीडी में दिखाने आए थे। इन दोनों मरीजों को डॉक्टर ने भर्ती होने की सलाह दी है। उधर, ट्रामा सेंटर में प्रतिदिन बुखार के 25 से 30 मरीजों को भर्ती किए जा रहे हैं।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी जांच में शनिवार को पैलानी गांव निवासी रन्नो (30) व कंचनपुरवा गांव निवासी रीता (36) को डेंगू बुखार की पुष्टि की गई है। पैथोलॉजी में शनिवार को डेंगू जांच के लिए आठ मरीजों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से दो की ही जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। सप्ताह के अंतिम दिन और त्योहारी सीजन के चलते पैथोलॉजी में जांच कराने वाले मरीजों की भीड़ रही।
उधर, ट्रामा सेंटर में बुखार के 25 से 30 मरीज प्रतिदिन भर्ती किए जा रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी पूजा अहिरवार का कहना है कि डेंगू से पीड़ित मरीजों के मोहल्ले व उनके घर में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर डेंगू मच्छर के लार्वा की जांच कराई जा रही है। पानी से भरे पात्रों को खाली कराया जा रहा है।
ठहरे पानी में डेंगू मच्छर का लार्वा पनपता है। इसलिए पानी के भरे पात्रों को खाली कर दें। स्वास्थ्य विभाग की टीम का पूरा सहयोग करें। उन्होंने अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग न करने वाले 167 घरों को नोटिस भी दिया है।