बांदा। सड़क पर अन्ना मवेशियों की मौजूदगी हादसों का कारण बन रही है। इनके कारण दो हादसे हुए, जिसमें दो की जान चली गई। इसमें एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में बाइक सवार घायल वृद्ध ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
गिरवां के स्योढ़ा निवासी 46 वर्षीय शरीफ ई-रिक्शा चालक था। वह शेरपुर से घर जा रहा था। रास्ते में अचानक सामने एक जानवर आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित हो गया और खंबे से जा टकराया। इस टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और उसका पहिया चालक के सीने पर आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना बदौसा थाना क्षेत्र की है। बदौसा के कुल्लू खेड़ा गांव निवासी चुनूबाद (60) शनिवार को दामाद राजू निवासी चित्रकूट के साथ बाइक पर बैठकर बेटी का इलाज कराने कर्वी जा रहे थे। बेटी तुलसा दूसरी बाइक पर बहनोई अनिल के साथ बैठी थीं। नेशनल हाइवे पर रास्ते में भैंसौधा गांव की नहर पटरी के पास अचानक अन्ना मवेशी आ जाने से राजू की बाइक उससे टकरा गई। इससे पीछे बैठे चुनूबाद गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें चित्रकूट के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।