बांदा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवकों में एक मुंबई में रहकर व्यापार करता था, वह कुछ दिन पहले ही गांव आया था।
बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव निवासी अविनाश पटेल (28) मुंबई में किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। दस दिन पहले अपनी साली की शादी में शामिल होने गांव आया था। सोमवार शाम वह अपने चचेरे भाई पिंटू पटेल को बाइक से बदौसा छोड़ने गया था।
लौटते समय सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। गंभीर रूप से घायल अविनाश को जिला अस्पताल लाया गया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चचेरे भाई पिंटू ने बताया कि अविनाश की शादी छह वर्ष पहले हुई थी और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दूसरी घटना बदौसा कस्बे के बाहर की है। चित्रकूट जिले के भरतकूप थाना क्षेत्र के रसिन (अंश भाटा पुरवा) निवासी 18 वर्षीय वीरेंद्र विश्वकर्मा निमंत्रण से लौट रहा था। इसी दौरान किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता रामदीन ने बताया कि वीरेंद्र दो भाइयों में छोटा था और पढ़ाई कर रहा था।
तीसरी घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा गांव की है। जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव निवासी रोहित (18) अपने साथी आशीष, पवन और नीरज के साथ एक ही बाइक पर बांदा जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे लामा निवासी कल्लू (65) को बाइक ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार चारों युवक और बुजुर्ग सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।