घटनास्थल पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइकें।
- फोटो : संवाद
नरैनी (बांदा)। कोतवाली क्षेत्र के खनिज बैरियर पर सोमवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरवां थाना क्षेत्र के हुसैनपुर खुर्द निवासी पारिवारिक भाई मोहित (24), विपिन (20), बुक्का (25) व हेल्पर श्यामजी (21) नसेनी गांव में कुद्दूस के घर में शादी समारोह में मीट काटने गए थे। ये लोग सोमवार को सुबह आठ बजे एक ही बाइक से नसेनी गांव से लौट रहे थे। उधर, दूसरी बाइक में नेढ़ुवा गांव निवासी अमर सिंह (25) भतीजे आयुष (17) के साथ गांव से नरैनी करतल की ओर जा रहे थे।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के करतल मुख्य मार्ग पर खनिज बैरियर के पास दोनों तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गईं। सभी छह लोग गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टर धर्मपाल प्रजापति ने मोहित और अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायलों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
सूचना पर कोतवाल राममोहन राय, कस्बा इंचार्ज अनिल सिंह व एसआई इंदल यादव ने घायलों का हालचाल लिया। दोनों बाइकों में सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।