फोटो - 05 पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। संवाद
बांदा। जीआरपी पुलिस ने सोमवार को एक ऐसे गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो फर्जी पहचान पत्र का उपयोग कर उच्च श्रेणी के कोचों में आरक्षण कराकर यात्रियों का सामान चोरी करते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किया गया लगभग सात लाख रुपये का सामान बरामद किया है। यह गिरफ्तारी रेलवे स्टेशन बांदा के पास से हुई।
जीआरपी थानाध्यक्ष शिवबाबू के नेतृत्व में जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ अपराध शाखा की टीमों ने यह सफलता हासिल की। बताया कि यात्री अनुराग जैन की चित्रकूट एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान बांदा रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रॉली बैग चोरी हो गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कानपुर नगर निवासी सुरेंद्र वर्मा और रवि वर्मा को गिरफ्तार किया है। इन पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
गिरफ्तारी के बाद फर्जी आईडी से टिकट प्राप्त करने और चोरी का सामान बरामद होने पर धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। दोनों शातिर अपराधी हैं। बताया कि इनके कब्जे से एक लेडीज घड़ी और पीली धातु के विभिन्न आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें पायल, चेन, ब्रेसलेट, इयररिंग, अंगूठी, बाजूबंद, हार और झुमके शामिल हैं। दो ठोस टुकड़े पीली धातु के भी मिले हैं। एक लाल मोती की माला मय पेंडेंट भी मिला है। पुलिस ने छह रेलवे टिकट, 75 सौ रुपये और चार निर्वाचन कार्ड भी जब्त किए हैं।
आरपीएफ प्रभारी सुरुचि द्विवेदी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी फर्जी पहचान पत्र का उपयोग करके रेलवे टिकट प्राप्त करते थे। वे इन फर्जी टिकटों के सहारे ट्रेनों में यात्रा करते थे। यात्रा के दौरान वे अन्य यात्रियों के कीमती सामान पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही वे यात्रियों का सामान चोरी करके बेच देते थे।