फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: छह साल पुराने आगजनी मामले में दो भाई दोषमुक्त

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) प्रवीण कुमार सिंह-द्वितीय की अदालत ने छह साल पुराने आगजनी के मामले में दो सगे भाइयों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
विज्ञापन

अदालत ने फैसले में पुलिस विवेचना की खामियों और अभियोजन के विरोधाभासी साक्ष्यों पर सवाल उठाए। मामला नरैनी थाना क्षेत्र के उदईपुरवा अंश नहरी गांव का है। संजय द्विवेदी ने 30 अप्रैल 2020 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अप्रैल की रात जानवरों का भूसा-पयार रखने वाले कच्चे मकान में आग लग गई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई थी।
वादी ने गांव के ही धर्मेंद्र गुप्ता और उसके भाई विनोद गुप्ता पर आग लगाने का संदेह जताया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
सुनवाई के दौरान वादी ने स्वीकार किया कि घटना के समय वह घटनास्थल से 500-600 मीटर दूर दूसरे घर में सो रहा था। उसे आग लगने की जानकारी बड़े भाई रामफल द्विवेदी ने फोन पर दी थी। किसी भी गवाह ने आरोपियों को आग लगाते नहीं देखा था। वादी ने यह भी स्वीकार किया कि गांव में आपसी मनमुटाव के चलते उसने संदेह के आधार पर दोनों को नामजद किया था।
विज्ञापन

अदालत ने विवेचना में भी गंभीर खामियां पाईं। विवेचक उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह ने नक्शा नजरी में एक्स और वाई दो स्थानों पर आग लगना दर्शाया था। जिरह में सामने आया कि वाई स्थान आरोपी धर्मेंद्र का मकान था। अदालत ने इस पर सवाल उठाया कि कोई व्यक्ति अपने ही घर में आग क्यों लगाएगा।
इसके अलावा, आग लगने की पहली सूचना देने वाले रामफल द्विवेदी का बयान विवेचक ने दर्ज नहीं किया और न ही उन्हें गवाह बनाया गया। घटनास्थल या आरोपियों के पास से कोई ज्वलनशील पदार्थ भी बरामद नहीं हुआ।
घटना के करीब 24 घंटे बाद एफआईआर दर्ज कराने का ठोस कारण नहीं बताया गया। स्वतंत्र गवाह गुलाब प्रसाद ने भी पुलिस की ओर से बयान लेने और घटनास्थल का मुआयना कराने की बात से इन्कार किया। इन तथ्यों और गवाहों के विरोधाभासी बयानों के आधार पर अदालत ने माना कि अभियोजन आरोप साबित नहीं कर सका। दोनों सगे भाइयों धर्मेंद्र और विनोद गुप्ता को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।

-
18 साल पुराने सड़क हादसे का आरोपी चालक दोषमुक्त
बांदा। विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय सत्यवीर सिंह की अदालत ने 18 साल पुराने सड़क हादसे में आरोपी चालक बच्ची को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। एफआईआर में देरी और गवाहों के बयानों में विरोधाभास के चलते न्यायालय में आरोप साबित नहीं हो सका।

अभियोजन के अनुसार, 28 अप्रैल 2008 की शाम करीब 7:30 बजे तिंदवारी थाना क्षेत्र में वादी चुन्नू का छह वर्षीय बेटा सिप्पा घर के दरवाजे पर खाना खा रहा था। तभी तिंदवारी से लुहारी की ओर जा रही टैक्सी ने उसे कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ग्राम भुजरख निवासी बच्ची के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।
सुनवाई के दौरान वादी चुन्नू ने जिरह में स्वीकार किया कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था। गवाह बुधुवा के मुख्य बयान और प्रतिपरीक्षण में भी घटना के समय, चालक की पहचान और परिजन के साथ जाने को लेकर विरोधाभास सामने आए।
अदालत ने पाया कि 28 अप्रैल की घटना की रिपोर्ट दो मई 2008 को सुबह 11:30 बजे दर्ज कराई गई। करीब 10 किलोमीटर दूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने में हुई चार दिन की देरी का कोई कारण नहीं बताया गया। न्यायालय ने कहा कि मौखिक साक्ष्यों से आरोप साबित नहीं हुए। इस पर आरोपी दोषमुक्त कर दिया गया। (ब्यूरो)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें