मटौंध क्षेत्र में जुड़वा भाइयों की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। दोनों बाइक पर सवार होकर खेतों से लौट रहे थे कि तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना को लेकर मृतकों के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के झील का पुरवा निवासी मूलचंद्र उर्फ बड़कू (25) और उसका जुड़वा भाई छोटेलाल उर्फ छुटकू (25) सोमवार को दोपहर बाइक से मटौंध गांव खेत देखने गए थे। रात को लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोयरा मुगली मस्जिद के पास सामने से आ रहे ट्रक की टक्कर से दोनों बाइक समेत गिर पड़े।
ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे मूलचंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि छोटेलाल ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। राहगीरों से सूचना मिलने पर मटौंध थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शिनाख्त के बाद मृतकों के परिजनों को जानकारी दी। दो कमाऊ युवकों की मौत से घर में कोहराम मच गया।
मृतकों के बड़े भाई रामस्वरूप उर्फ लल्लू ने बताया कि बड़कू और छुटकू जुड़वा पैदा हुए थे। मटौंध व खैराडा में उनकी लगभग 60 बीघा जमीन है। बड़कू और छुटकू खेती के काम में हाथ बंटाते थे और अक्सर बाइक से खेत देखने जाते थे।
उधर, रामस्वरूप ने हत्या की भी आशंका जताई, क्योंकि घटनास्थल पर ट्रक बैक करके दोबारा चढ़ाने के निशान थे। फिलहाल उन्होंने किसी तरह की रंजिश से इंकार किया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। छुटकू के दो पुत्र और बड़कू के दो पुत्र व एक पुत्री है।