फोटो-26-नरैनी में हादसे के बाद लगी भीड़ व मौजूद पुलिस। संवाद
नरैनी (बांदा)। स्कूल से बच्चों को घर ले जा रही एक बस में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा होते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। बस चालक ने गाड़ी किनारे खड़ी कर दी।
हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच की। बस का एक किनारा क्षतिग्रस्त हो गया है।
थाना नरैनी क्षेत्र के गांव पड़मई स्थित एक स्कूल में छुट्टी के बाद बच्चे बस से घर लौट रहे थे। जैसे ही बस नरैनी कस्बे में अतर्रा मार्ग पर पहुंची तो पीछे से आ रहे ट्रक ने बस के एक किनारे पर टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बस के अंदर बैठे छात्र डर के मारे चीखने-चिल्लाने लगे। बस चालक ने गाड़ी को रोक दिया। ट्रक चालक ने भी गाड़ी को खड़ा कर दिया। इसके बाद बस चालक ने 112 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच की।
जांच के बाद पता चला कि सभी बच्चे सुरक्षित थे और किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने बस चालक को कार्रवाई के लिए थाने पर प्रार्थना पत्र देने को कहा। इसके बाद बस चालक बच्चों को लेकर वहां से रवाना हो गया। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा था।