बबेरू। नो इंट्री के बावजूद मुख्य चौराहे पर सीमेंट लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक में पीछे बैठी कमर से दिव्यांग युवती की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। बाइक चालक उसका फुफेरा भाई गंभीर घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुख्य चौराहे पर जाम लगा दिया। जाम की खबर मिलने पर कोतवाली से पहुंची पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ दिया। इससे आक्रोश और बढ़ गया है। सर्किल का फोर्स को बबेरू में बुलाया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के भुराने पुरवा निवासी दिव्यांग टिंवकल (21) मंगलवार की शाम लगभग छह बजे कस्बे के शिवाजी चौराहा निवासी फुफेरे भाई ऋषभ (22) के साथ बुलेट से बस स्टैंड जा रही थी। इसी दौरान नो इंट्री के बावजूद बांदा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मुख्य चौराहे पर उनकी बुलेट को टक्कर मार दी। हादसे में बुलेट में पीछे बैठी टिंवकल उछलकर सड़क में गिर गई और ट्रक उसे रौंदते हुए निकल गया। ।उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फुफेरा भाई गंभीर घायल हो गया।
वहां मौजूद लोगों ने ई-रिक्शे शव व घायल भाई को सीएचसी पहुंचाया। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। घटना से उत्तेजित लोगों ने मुख्य चौराहा पर जाम लगा दिया। शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बांदा, कमासिन, औगासी और अतर्रा रोड पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही से घटना हुई है। नो इंट्री के बावजूद भारी वाहन दिन भर गुजरते हैं। प्रशासन रोक लगाने में नाकाम है।
जाम लगाने की खबर मिलते ही कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। जमीन पर लाठियां पटक कर जाम लगाए लोगों को खदेड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव भी मौके पर पहुंच गए। सीएचसी में घायल का हालचाल जाना। सीएचसी में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल का हालचाल लिया। मौके पर एसडीएम नमन मेहता भी पहुंचे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए बबेरू सीओ राकेश सिंह ने पूरे सर्किल के फोर्स को बुला लिया है।
सपा के क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव ने कहा कि कस्बे में नो एंट्री के बावजूद भी दिन भर ट्रक निकलते हैं। जिसके कारण घटना हुई। सीमेंट से लदा ट्रक के खिलाफ़ कार्रवाई करने की प्रशासन से मांग की। कस्बे में अतिक्रमण के कारण हालात और खराब हैं। उन्होंने सीएचसी पहुंचकर घायल का हालचाल लिया। हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। संवाद