बांदा। नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार युवक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। भाई का आरोप है कि हत्या कर शव सड़क पर फेंका गया है।
बांदा-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शहर के खूंटी चौराहा में शुक्रवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार वीरेंद्र (26) पुत्र रामसेवक (प्रेमपुर, गिरवां) को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्च्यूरी में रखवा दिया। शनिवार की सुबह परिजनों की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है।
भाई रामबहोरी ने बताया कि वीरेंद्र शहर में रहकर अलग-अलग दो स्पेलर में तेल निकालने का काम करता था। आरोप लगाया कि शव देखकर प्रतीत हो रहा है कि उसकी मौत स्पेलर के पट्टे में फंसकर हुई। शरीर पर गंभीर चोटें थीं।
स्पेलर मालिक ने सड़क हादसे का रूप देने के लिए वीरेंद्र के शव को सड़क पर फिंकवा दिया, जिससे सड़क दुर्घटना में मौत समझी जाए। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है। सड़क हादसा है या अन्य कोई वजह? यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।