पैलानी। परिजनों के व्यवहार से परेशान नाबालिग जान देने के इरादे से घर से नदी किनारे पहुंच गई। संदिग्ध हालात उसे घूमते देखते मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बालिका से पूछताछ कर परिजनों को बुलाया और समझाकर बालिका को उनके सुपुर्द किया।
फतेहपुर के ललौली गांव निवासी मंतशा (15) मंगलवार को चिल्ला स्थित नदी किनारे घाट पर पहुंची। नाबालिग को देखकर मौके पर मौजूद लोगों को मामला संदिग्ध दिखाई दिया। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने किशोरी से पूछताछ की। उसने बताया कि घर में उसे कोई पसंद नहीं करता। छोटी-छोटी बातों पर परिजन मारपीट करते है।कई बार उन्होंने घर से निकाल देने की धमकी भी दी।
इसी के चलते वह जान देने के इरादे से नदी किनारे आई है। पुलिसकर्मियों ने किशोरी को समझाकर उसके परिजनों का संपर्क नंबर लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे दादा यूनुस, दादी नाजमा, रसूल बख्श के साथ उसे रवाना किया गया। पुलिस ने परिजनों को सख्त हिदायत दी कि किशोरी के साथ गलत व्यवहार पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)