पत्नी से विवाद से क्षुब्ध युवक ने फंदा लगाकर दी जान
शहर कोतवाली क्षेत्र के बिजली खेड़ा मोहल्ले की घटना
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। पत्नी से हुए विवाद से क्षुब्ध होकर युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। थोड़ी देर बाद पत्नी मृतक की बहन के साथ लौटी तो उसे फंदे से लटका पाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बिजली खेड़ा मोहल्ला निवासी संदीप कुमार (28) ने शनिवार की रात कमरे में लगे पंंखे की सरिया से साड़ी का फंदा लगाकर लटक गया। घटना के संबंध में पत्नी मनोरमा ने बताया कि मृतक मंडी समिति में सब्जी बेचने का काम करता था। शनिवार की रात वह शराब पीकर घर आ गया। शराब पीने को लेकर उससे विवाद हो गया। विवाद होने पर वह पड़ोस में रहने वाली फुफेरी ननद गुड़िया के घर चली गई।
कुछ देर बाद वह अपनी ननद के साथ लौटी तो संदीप को फंदे से लटका पाया। मृतक के पिता गिरवां थाना क्षेत्र के निवादा मल्हेरा गांव निवासी मदन कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक तीन महीने पहले बांदा आकर किराए के कमरे में रह रहा था। मृतक दो भाइयों में छोटा था। चौकी इंचार्ज कालू कुआं राधाकृष्ण ने बताया कि पति-पत्नी का आपसी विवाद हुआ था। इसी के चलते उसने फंदा लगाकर जान दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।