बांदा। भूरागढ़ बाईपास पर ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मां एवं उसके दुधमुहे बच्चे की मौत हो गई। जबकि मृतका का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी समझाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद रास्ता खुला।
मवई गांव का सुग्रीव (30) मंगलवार सुबह साइकिल से पत्नी सुनीता (25) एवं तीन माह के बच्चे शांतनु को लेकर जिला अस्पताल जा रहा था। वह शहर से तीन किलोमीटर दूर मवई फोरलेन बाईपास चौराहे पर पहुंचा था कि तिंदवारी की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुनीता और उसके बच्चेे की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सुग्रीव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस और ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा किया तो चालक ने देहात कोतवाली में ट्रक खड़ा कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बांदा-बहराइच हाईवे जाम कर दिया। लगभग आधा घंटा बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह सिविल लाइंस, कालूकुआं, कालवनगंज और मवई पुलिस चौकियों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन ग्रामीणों ने मां-बेटा के शव नहीं उठाने दिए।
काफी देर तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक चलती रही। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया, तब जाकर लोग शांत हुए और रास्ता खुला।