- चार भाई बहनों में बड़ा था, कक्षा दो का था छात्र
-दोस्तों के बाद गया था, आंधी-बारिश से उखड़ा पेड़
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा। भदावल गांव के अंश मंशीपुरवा में दोस्तों के साथ बाग में आम बीन रहे नौ वर्षीय किशोर पर पेड़ उखड़कर गिर गया। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला। इस दौरान उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बदौसा के भदावल गांव के अंश मंशीपुरवा निवासी धर्मेंद्र यादव का पुत्र हरिगोपाल उर्फ रोहित मंगलवार की शाम दोस्तों के साथ घर से पांच मीटर दूरी पर स्थित बाग गया था। यहां सभी आम बीनने लगे। इसी दौरान तेज आंधी आई और पेड़ उखड़कर हरिगोपाल के ऊपर गिर गया। पिता ने बताया कि बेटा आम बीनने के लिए गया था। इसी दौरान तेज आंधी के साथ बारिश हुई। तभी आम का पेड़ जमीन से उखड़ कर बेटे के पर जा गिरा और उसकी मौत हो गई।
पिता के पास एक बीघा जमीन है जिससे घर परिवार का भरण पोषण होता है। रोहित चार भाई-बहनों में बड़ा था और गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। घटना से मां राजकुमारी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि आंधी से पेड़ गिरने से बच्चे की मौत हो हुई है।