बांदा। खेत जाते समय ट्रैक्टर का पहिया सड़क किनारे पड़े बालू-गिट्टी के ढेर पर चढ़ गया। इससे चालक सड़क पर जा गिरा और ट्रैक्टर-ट्राॅली का पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। मौके पर ही चालक की मौत हो गई।
मटौंध थाना क्षेत्र के इटवां गांव निवासी लवकुश द्विवेदी (30) गांव के ही मंगल सिंह का ट्रैक्टर चलाता था। शुक्रवार की शाम ट्रैक्टर मालिक के बटाईदार राममिलन को साथ लेकर तिल की फसल ट्राॅली में भरने के लिए खेत जा रहा था। गांव में तालाब के पास मोड़ पर लगे गिट्टी और बालू के ढेर पर ट्रैक्टर का पहिया ढेर में चढ़ जाने से चालक स्टीयरिंग सीट से नीचे जा गिरा और ट्राॅली का पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। चालक की मौके पर ही मौत हो गई
चाचा शत्रुघ्न ने बताया कि लवकुश दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। गांव के एक व्यक्ति ने लोहे के एंगल लगवाए थे, उसी की निर्माण सामग्री सड़क किनारे पड़ी थी। इसी में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो जाने से चालक गिर गया और कुचलकर उसकी मौत हो गई।