बांदा। बुंदेलखंड के जिलों से आए हज यात्रियों का प्रशिक्षण एवं टीकाकरण खानकाह इंटर कॉलेज में गुरुवार को हुआ। जिला हज ट्रेनर अल्हाज गुलाम मुस्तफा ने हज यात्रा एवं सऊदी अरब में पहुंचकर हज की अदायगी के बारे में प्रोजेक्टर से जानकारी दी।
उन्होंने उमरह व हज करने के जरूरी अरकानों का खास ख्याल रखने के लिए कहा। एहराम बांधने और उसकी पाबंदियों की जानकारी दी। शैतान को कंकरी मारने का तरीका भी बताया। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव की गठित टीम में शामिल डॉ. सोहेल खान, फार्मासिस्ट आसिफ, एएनएम शबीना, सारिका, अंजुम, वार्ड बॉय विनीत और उप मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा बांदा एवं चित्रकूट जनपद के हज यात्रियों का टीकाकरण किया गया। बांदा से 47 व चित्रकूट से दो हज यात्रियों का टीकाकरण किया गया। कुल 102 हज यात्रियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
हाजी मोहम्मद फारूक एडवोकेट, हाजी सुभान अली, हाजी जाहिद अली, हाजी मुईन, हाजी अज़ीज़ुस्समद, हाजी जमील अहमद, हमीद अहमद एडवोकेट, अनवर सईद खान, उमर अली, इकराम, हाजी मोहम्मद वसीम, डॉ. मकसूद, व हाफिज कारी शमशेर आदि लोग उपस्थित रहे।