फोटो - 25 जंगल में घूमता टाइगर। स्त्रोत : विभाग
करतल। पन्ना टाइगर रिजर्व के रिहायशी इलाकों में बाघों की बढ़ती सक्रियता ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। जसवंतपुरा गांव के बाद अब विक्रमपुरा गांव में बाघ की मौजूदगी की खबर से स्थानीय लोग भयभीत हैं। बाघ ने हाल ही में विक्रमपुरा गांव के पास एक गाय का शिकार किया है, जिससे यह आतंक और भी बढ़ गया है।
बाघ की गांव के करीब आने की सूचना मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन हरकत में आ गया। बाघ को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेजने के लिए हाथियों की मदद से एक विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम बाघ को खदेड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन घनी झाड़ियों के कारण यह कार्य चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर वीरेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि जसवंतपुरा के बाद अब विक्रमपुरा में बाघ की घटना सामने आई है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले घर से बाहर न निकलने की अपील की है। वन विभाग ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है, जब तक कि बाघ अपने कोर एरिया में वापस नहीं लौट जाता।