बांदा। होली खेलने के लिए युवक के घर में घुसे तीन युवकों ने घर से घसीटकर उसे चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। वह गंभीर हालत में जेल चौकी में शिकायत करने पहुंचा तो पेट्रोल पंप के पास 10-12 युवकों ने घेरकर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उसके बाद वहीं युवक उसके घर दोबारा पहुंचे और उसके भाई पर तमंचे से दो बार फायर किया, फायर मिस होने पर उसके भाई को लोहे की रॉड से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली में तीन नामजद और 10-12 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा मोहल्ला निवासी अजय उर्फ मुन्नू मिश्रा ने कोतवाली नगर में दी तहरीर में बताया कि 26 मार्च को वह अपने घर में था, तभी शंभूनगर निवासी परीक्षित मिश्रा, हिमांशु मिश्रा व आशु मिश्रा घर आए और उन्होंने होली खेलने के लिए जबरन उसके घर में घुसकर उसे घसीट कर बाहर ले गए और आशू मिश्रा ने उसके चाकू मार दिया।
घटना के बाद वह जेल चौकी में तहरीर देने जा रहा था, तभी पेट्रोल पंप के पास 10-12 अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और पुलिस के सामने ही उसके साथ मारपीट की। जिसकी सीसीटीवी फुटेज पेट्रोल पंप में लगे कैमरे में कैद हो गई है। उसके बाद उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, देर शाम वही युवक उसके घर में दोबारा पहुंचे और उसके भाई धुन्नू मिश्रा के ऊपर तमंचे से दो बार फायर किया। फायर मिस होने पर उसके ऊपर लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने चार दिन बाद कोतवाली में तीन नामजद व 12 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की जांच की जा रही है।