फोटो-6- जंगली सूकर के हमले में घायल राजकुमार निषाद। संवाद
पैलानी। तहसील क्षेत्र के खप्टिहा कलां के मजरा सेमरा डेरा में बुधवार सुबह खेत की रखवाली करने पहुंचे तीन किसानों पर जंगली सूकर ने हमला कर दिया।
हमले में भुस्सू निषाद, अशोक निषाद और राजकुमार निषाद घायल हो गए। भुस्सू की पीठ पर दो जगह घाव के निशान हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सेमरा डेरा निवासी रामचरण निषाद ने बताया कि तीनों किसान रोज की तरह सुबह खेतों की रखवाली करने पहुंचे थे। इसी दौरान जंगली सूकर ने किसानों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों को चोट आ गई। शोरगुल मचने पर ग्रामीणों ने सूकर को दौड़ाया तो वह खेत में घुस गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अशोक व राजकुमार को जसपुरा अस्पताल भेजा। भुस्सू को उसके परिजन इलाज के लिए ले गए। ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में सूकर घरों में घुसकर भी लोगों पर हमला कर रहे हैं। हमलों के डर से ग्रामीण खेतों में जाने से बच रहे हैं और मवेशियों को भी घरों में बांधकर रख रहें हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से जंगली सूकर को पकड़ने की मांग की है।