पेट्रोलपंप लूट में गिरफ्तार आरोपी।
- फोटो : BANDA
नरैनी। पेट्रोल पंप कर्मचारी की पिटाई व लूटपाट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। इनके पास लूटे गए 4500 रुपये बरामद हुए हैं।
गुरुवार की सुबह पनगरा गांव स्थित चंदेल फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल भराने पहुंचे बाइक सवार युवकों को बिना मॉस्क लगाए पेट्रोल देने से मना करने पर युवकों नेे सेल्समैन अभय (गोंडा, चित्रकूट) को पीटकर 14000 रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट तीन नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध लूट की रिपोर्ट दर्ज की है।
इंस्पेक्टर गिरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी कलीम पुत्र शेर खां, रमजानी पुत्र कल्लू खां, पप्पू उर्फ समीर पुत्र हनीफ खां को गुरुवार की रात बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी पनगरा गांव के रहने वाले है। इनके पास से लूट के 4500 रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्तारी के समय उप निरीक्षक बीके मिश्रा, कांस्टेबल रमेश कुमार, आसीन कुमार भी मौजूद रहे।
बदौसा में पंप कर्मियों ने जताया विरोध
बदौसा। नरैनी में पेट्रोलपंप में हुई लूटपाट की घटना के विरोध में यहां स्थित पेट्रोलपंप कर्मियों ने काला रुमाल बांधकर विरोध जताया। पंप मालिक लक्ष्मीकांत पांडेय ने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग और मॉस्क को लेकर आए दिन विवाद होते हैं। पुलिस को सख्त पेट्रोलिंग के निर्देश दिए जाएं।