बांदा। पुलिस लाइन के पास से चोर ईंट-गिट्टी से भरी ट्रैक्टर- ट्रॉली ले गए। सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकार्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
क्योटरा मोहाल निवासी जुबैर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पुलिस लाइन तिराहा (जरेली कोठी) में उसका रेस्टोरेंट है। यहीं सड़क किनारे उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। उसमें ईंट व गिट्टी लदी थी। ट्रॉली पर रेस्टोरेंट का नाम लिखा था। शुक्रवार को तड़के करीब सवा तीन बजे दो अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर आए और ट्रॉली बांधकर केन नदी रोड की तरफ लेकर चले गए। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकार्ड हो गई। गौर तलब है कि घटनास्थल पुलिस लाइन और जेल पुलिस चौकी के नजदीक है। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।