अतर्रा। कस्बे के एक घर से अलमारी का लॉकर तोड़ कर चोर सगी बहनों के जेवर व नकदी ले गए। पीड़ितों ने करीब 40 लाख की चोरी का अंदेशा जताया है।
कोतवाली अंतर्गत लोधू थोक बजरंग नगर निवासी रूपम सिंह ने बताया कि बीते 29 नवंबर को छोटी बहन पूजा सिंह की शादी हुई थी। इसके एक सप्ताह बाद उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद वह अपना जेवर लेकर ससुराल से मायके आ गई थी। बताया कि उनके जेवर अलमारी के लॉकर में रखे थे। पांच दिन पूर्व छोटी बहन से अलमारी खोकर जेवर देखे थे। तब वह रखे हुए थे। शनिवार को छोटी बहन से अलमारी का लॉकर देखा तो वह टूटा मिला। बताया कि उसमें दोनों के सोने के हार, झूमके, मंगलसूत्र, चेन, चूड़ी, अंगूठी सहित अन्य जेवर व करीब आठ हजार रुपये गायब हैं। दोनों बहनों ने कोतवाली में तहरीर देकर चोरी के खुलासा व माल बरामदगी की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि चोरी की घटना संदिग्ध है, मामले की जांच की जा रही है।