मटौंध। थाना क्षेत्र के कस्बे में दो मकानों में चोरों ने धावा बोलकर नगदी समेत दो लाख कीमत के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। घर के अंदर गृहस्वामी सोते रह गए और उनको घटना की भनक ही नहीं लगी।
कस्बे के कामता उर्फ महेश कुशवाहा व चंद्रभान कुशवाहा के मकान में शुक्रवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मकान के पीछे से छप्पर के सहारे टिन शेड से छत में चढ़कर घर के अंदर दाखिल हुए। यहां कामता के मकान में दो कमरों का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नगद और जेवरात ले गए।
कामता के बगल में रह रहे चंद्रभान कुशवाहा के घर में भी घुसकर उन्होंने कमरे का ताला तोड़कर पांच हजार नगद व चांदी के जेवर ले गए। तड़के तीन बजे नींद खुलने पर चंद्रभान कमरे के बाहर आए तो चोर वहां से भाग निकले। दोनों ने मटौंध थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मौका मुआयना किया है। थानाध्यक्ष रामदिनेश तिवारी ने बताया कि चोरी का जल्द खुलासा किया जाएगा।