अतर्रा। सरकार की योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाने के लिए गुरुवार को बिसंडा विकासखंड के सभागार में कैंप का आयोजन किया गया। खादी ग्रामोद्योग विभाग की ओर से आयोजित इस कैंप में युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की जानकारी दी जानी थी, मगर कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार न किए जाने से मौके पर युवा पहुंच ही नहीं पाए।
कार्यक्रम स्थल पर ज्यादातर कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। इससे रोजगारपरक योजनाओं पर केंद्रित आयोजन औपचारिकता मात्र बनकर रह गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक प्रवीणानंद, उपायुक्त उद्योग गुरुदेव, सहायक विकास अधिकारी अनिल पाठक, प्रदीप द्विवेदी, सहायक प्रबंधक योगेश गुप्ता सहित कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने कार्यक्रम में आए हुए युवाओं को योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने की अपील की। (संवाद)