फोटो- 08 ओपीडी में डॉक्टर कक्ष के बाहर बैठे मरीज। संवाद
-ज्यादातर मरीज सांस, बुखार, ब्लड प्रेशर की चपेट में आ रहे
- जिला अस्पताल में 1350 मरीजों ने कराया अपना रजिस्ट्रेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। फरवरी माह की शुरूआत में मौसम का पलटवार लोगों की सेहत खराब कर रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुली तो डॉक्टरों के कक्ष और पर्चा काउंटर में मरीजों की भीड़ उमड़ी रही। श्वांस, बुखार, ब्लड प्रेशर और डायरिया के मरीजों की संख्या 500 का आकड़ा पार कर गई। इनमें 30 से ज्यादा मरीजों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया । डॉक्टर इस मौसम में विशेष एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में सोमवार को 1350 मरीजों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें 500 मरीज श्वांस, ब्लड प्रेशर, बुखार और डायरिया से ग्रसित होकर पहुंचे। ओपीडी में वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एसडी त्रिपाठी, डॉ. ह्दयेश पटेल, डॉ. अरमानुलहक की ओपीडी मरीजों से भरी रही। डॉक्टरों के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। एक-एक डॉक्टर की ओपीडी 100 का आकड़ा पार कर गई। इनमें 30 से ज्यादा मरीजों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में तैनात वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एसडी त्रिपाठी व ह्दयेश पटेल ने बताया कि फरवरी माह में मौसम बदलने से पेट दर्द, सीने में दर्द, ब्लड प्रेशर, श्वांस के रोगियों की संख्या बढ़ी है। इस मौसम में एहतियात बरतने की जरूरत है। ऊनी कपड़े पहनकर रहें। दो से तीन बार दस्त होने पर डॉक्टर को दिखाएं। डॉक्टर की सलाह पर ही दवा का सेवन करें।