बांदा। थाना तिंदवारी में रविवार की देर शाम करीब सात बजे जनसुनवाई के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। उप निरीक्षक सुभाष चंद्र वर्मा जनसुनवाई कर रहे थे, तभी बारिश के बीच थाने के जनसुनवाई स्थल का जर्जर बरामदा भरभराकर ढह गया। जिससे भगदड़ मच गई।
घटना के समय ग्राम पुरानी तिंदवारी निवासी 60 वर्षीय कल्ली वर्मा व 67 वर्षीय सेमलिया वर्मा एक सड़क दुर्घटना के संबंध में शिकायत लेकर थाना पहुंचे थे। उनसे पूछताछ चल ही रही थी कि अचानक बरामदा ढह गया और वहां मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में उप निरीक्षक सुभाष चंद्र वर्मा, उप निरीक्षक शिवकरण सिंह, कांस्टेबल राजन दुबे समेत दोनों फरियादी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस कर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सरकारी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी में भर्ती कराया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)