बांदा। नवरात्र, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीवाली और मोहर्रम के मद्देनजर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक हुई। आयोजकों और शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने भरोसा दिलाया कि सांप्रदायिक सौहार्द और मेल-मोहब्बत की परंपरा पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।
केंद्रीय दुर्गा महोत्सव समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि नवरात्र और विसर्जन जुलूस में पुलिस फोर्स, सफाई, सड़कों की मरम्मत, नियमित बिजली और पानी की आपूर्ति, आवारा पशुओं पर रोक लगाई जाए। यह भी शिकायत की कि जरूरत पड़ने पर फोन करने पर कई विभागों के अधिकारी फोन नहीं उठाते। खासकर पुलिस, नगर पालिका ईओ, जल संस्थान और जल निगम व विद्युत विभाग के अधिकारी। डीएम ने चेतावनी दी कि ऐसी कोई शिकायत मिली या त्योहारों में जिम्मेदारी से लापरवाही की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक आरपी पांडेय ने आयोजकों को भरोसा दिलाया कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहेगी। बैठक में एडीएम गंगाराम गुप्ता, अपर एसपी मायाराम वर्मा, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट प्रहलाद सिंह, ईओ वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सफाई निरीक्षक एचएस निरंजन, जामा मसजिद व ईदगाह मुतवल्ली डॉ. शेख सादी जमां, पूर्व विधायक राजकुमार शिवहरे, सत्तीदीन शिवहरे, बसपा कोआर्डिनेटर मोहम्मद इदरीश, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष गुप्त, हार्पर क्लब सचिव वासिफ जमां खां, अधिवक्ता सैय्यद अली मंजर, शोएब रिजवी, अमित सेठ भोलू, शोभाराम कश्यप इत्यादि सहित कोतवाली प्रभारी केपी सिंह और थानाध्यक्ष शामिल रहे।
उधर, बदौसा में थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक में बिजली-पानी का मुद्दा छाया रहा। थानाध्यक्ष पंकज तिवारी ने नवरात्र और मोहर्रम सौहार्द से मनाने को कहा। जिला पंचायत सदस्य जहीर असलम, दुबरिया पूर्व प्रधान फिरोज खां भी मौजूद रहे।