बांदा। सूने घर में किशोरी ने दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। खेत से लौटी मां ने देखा तब जानकारी हो सकी।
चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव निवासी किरन (13) ने शुक्रवार को दाेपहर घर के कमरे में छप्पर की धन्नी में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। शाम को खेत से लौटी मां अर्चना ने देखा तो सब दरवाजे बंद मिले। उसने कुंडी खटखटाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों ने सीढ़ी लगाकर कमरे के अंदर गए तो किरन का शव फंदे से लटक रहा था।
किरन के चचेरे भाई कुलदीप ने बताया कि पिता वीरेंद्र दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। किरन गांव के ही विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ती थी। सुबह मां खेत चली गई थी। छोटा भाई घर के बाहर खेल रहा था। चिल्ला थानाध्यक्ष संदीप पटेल ने बताया कि परिजन स्पष्ट कारण नहीं बता सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।