बांदा। आबकारी विभाग की टीम ने रविवार को दोपहर तिंदवारी थाने के कई गांवों में अवैध शराब को लेकर दबिश दी। सहिंगा गांव में एक घर से बड़े पैमाने पर लहन व शराब बरामद हुई। लहन को मौके पर नष्ट कराया और आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की।
जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक सदर अपर्णा द्विवेदी ने टीम के साथ तिंदवारी थाना के सहिंगा,धौसड़, शुक्ला मार्केट एवं कई संदिग्ध स्थानों में दबिश दी। सहिंगा में रामदुलारी पत्नी राम प्रकाश के यहां टीम ने 20 लीटर कच्ची शराब और दो क्विंटल लहन पकड़ा। मौके से आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। जबकि लहन नष्ट कराया गया। इसके अलावा कई अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों की चेकिंग की। दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे, तनुकरण एवं अप मिश्रण की भी जांच की। सभी अनुज्ञापियों और विक्रेताओं को ईपास मशीनों से एवं निर्धारित मूल्य पर ही शराब की बिक्री करने के निर्देश दिए।